सैदपुर : करीब डेढ़ सौ साल पुराने पाकड़ के पेड़ की अवैध कटाई से मिट गई सैदपुर की ऐतिहासिक पहचान, बिना अनुमति काटने का आरोप

सैदपुर। नगर के नॉर्मल स्कूल के पास स्थित वर्षों पुराना विशालकाय पाकड़ का पेड़ कटने से न सिर्फ हरियाली खत्म हुई, बल्कि नगर की एक पुरानी स्थानीय पहचान भी मिट गई। इस स्थान को लंबे समय से ‘पकड़ी पेड़ तिराहा’ के नाम से जाना जाता था। मोहल्ले के लोगों का दावा है कि यह पेड़ करीब 150 वर्ष से भी अधिक पुराना था। इसे बिना अनुमति कटवाए जाने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। मोहल्ले के करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग नारायण ने बताया कि यह पेड़ उनके जन्म से भी पहले उनके पिता-दादा के समय का था। उनके बचपन से ही यह पेड़ यहां मौजूद था। काफी मोटे तने और घनी छाया वाले इस पेड़ से गर्मी के दिनों में आसपास के लोगों को राहत मिलती थी। समय के साथ यह केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि पूरे इलाके की पहचान बन गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार की सुबह जब मोहल्ले के लोग जागे तो पेड़ की कटाई होती देख हैरान रह गए। पूछताछ करने पर कटाई करा रहे व्यक्ति की ओर से बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा पेड़ कटवाए जाने की बात कही गई। इस संबंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि मुहल्ला निवासी व्यक्ति द्वारा विभाग में प्रार्थना पत्र देकर डालियों में तार सटने के चलते करंट उतरने के कारण टहनियां अथवा पेड़ कटवाने की बात कही गयी थी और ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को सुरक्षित कराने का अनुरोध किया था। जेई ने बताया कि इस पर उनकी ओर से कहा गया था कि पेड़ कटवाने के समय सूचना दें, ताकि तार हटाए जा सकें। बताया कि मंगलवार को विभाग के लाइनमैन केवल तार हटाने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेड़ कटवाने का कार्य बिजली विभाग की ओर से नहीं कराया गया। वहीं क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया कि इसकी कोई सूचना नहीं थी, वैसे भी ये वन विभाग के दायरे में आता है। कोतवाली प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि पेड़ कटवाने के संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी। मामले को दिखवाया जा रहा है। वन विभाग के वन दरोगा निशिकांत सोनकर ने बताया कि करीब 8 महीने पहले पेड़ को छांटने के लिए आईजीआरएस डाला गया था। फिर 4 माह पूर्व पेड़ को कटवाने के लिए लिखित मांग की गई थी, लेकिन वर्तमान में पेड़ काटने के संबंध में विभाग को कोई सूचना नहीं दी गई और न ही अनुमति ली गई। ऐसे में संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जा रहा है। इधर पेड़ की कटाई के बाद मोहल्ले के लोगों में मायूसी है। लोगों का कहना है कि विकास और निजी जरूरतों के नाम पर वर्षों पुरानी धरोहरों को इस तरह समाप्त करना उचित नहीं है। अब वन विभाग की कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

