गाजीपुर : जुआ के दौरान युवक की हत्या के मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान ने फिल्मी स्टाइल में किया आत्मसमर्पण, सताने लगा था एनकाउंटर का डर, पुलिस टीम पर भी कर चुका है फायरिंग

गाजीपुर। मोहांव में हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी बकराबाद के ग्राम प्रधान संजय बिंद ने मंगलवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस एनकाउंटर की आशंका के बीच दोपहर करीब 12 बजे वह हाथ में ‘मैं संजय बिंद, आत्मसमर्पण कर रहा हूं’ लिखी तख्ती लेकर सदर कोतवाली पहुंचा। आत्मसमर्पण के बाद उसने बताया कि घटना के दिन वह मौके पर जुआ खेल रहा था, जिसमें उसने डेढ़ लाख रुपये जीते थे। बताया कि जीत की रकम को लेकर कुछ लोग उससे विवाद करने लगे और पैसे छीनने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने पिस्टल से गोली चला दी। इस बाबत सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि मोहांव गोलीकांड के मुख्य आरोपी संजय बिंद ने सदर कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने बताया कि बकराबाद ग्राम प्रधान संजय बिंद पहले भी कई आपराधिक मामलों में आरोपित रह चुका है। होली के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की घटना में भी वह मुख्य आरोपी था। इस मामले में जेल जाने के बाद कुछ दिन पूर्व ही उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। बताया कि मोहांव गोलीकांड के मामले में करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

