अनौनी : गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी से मिले पूर्व सांसद, ओलंपियन राजकुमार पाल की उपलब्धियों पर भी हुई चर्चा





अनौनी। गाजीपुर के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अयोध्या दीपोत्सव की ऐतिहासिक उपलब्धि और गाजीपुर के हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार मिलने को लेकर भी चर्चा हुई। पूर्व सांसद ने सरयू तट पर 36 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने पर मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या दीपोत्सव ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई है। साथ ही अयोध्या के विकास और धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। मुलाकात के दौरान राधेमोहन सिंह ने मुख्यमंत्री को गाजीपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल की उपलब्धियों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राजकुमार पाल को 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान हासिल करने वाले वह गाजीपुर के पहले खिलाड़ी होंगे। ओलंपिक में पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहकर उन्होंने जनपद का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। पूर्व सांसद ने राजकुमार पाल को पुलिस उपाधीक्षक पद पर नियुक्त कर सम्मानित करने के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजकुमार पाल की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी अपनी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : आगामी 21 नवंबर से फिर शुरू होगा शादी-विवाह का दौर, 12 दिसंबर के बाद फिर लग जाएगा विराम, दो माह नहीं बजेगी शहनाई
गाजीपुर : जुआ के दौरान युवक की हत्या के मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान ने फिल्मी स्टाइल में किया आत्मसमर्पण, सताने लगा था एनकाउंटर का डर, पुलिस टीम पर भी कर चुका है फायरिंग >>