अनौनी : आगामी 21 नवंबर से फिर शुरू होगा शादी-विवाह का दौर, 12 दिसंबर के बाद फिर लग जाएगा विराम, दो माह नहीं बजेगी शहनाई

अनौनी। करीब दो महीने से शादी-विवाह के शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे लोगों के घरों में अब एक बार फिर शहनाई गूंजने की तैयारी शुरू हो गई है। 21 नवंबर से वैवाहिक आयोजनों का सिलसिला शुरू होगा। नवंबर में विवाह के लिए चार और दिसंबर में सात शुभ मुहूर्त मिलेंगे। इसके चलते नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर के पहले पखवाड़े तक विवाह समारोहों की रौनक रहेगी। हालांकि 12 दिसंबर के बाद शुभ मुहूर्त समाप्त होने से शादी-विवाह के आयोजनों पर लंबा विराम लग जाएगा। आचार्य पंडित अरुण त्रिपाठी के अनुसार, नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर को विवाह संपन्न किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर को शुक्र अस्त होने और 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। खरमास 15 जनवरी तक रहेगा। आचार्य के अनुसार, हिंदू ज्योतिषीय मान्यताओं में विवाह जैसे मांगलिक कार्यों के लिए गुरु और शुक्र ग्रह का उदित होना आवश्यक माना जाता है। इसी कारण 12 दिसंबर के बाद विवाह का कोई शुभ मुहूर्त नहीं है। ऐसे में शादी की तैयारियों में जुटे परिवारों के लिए नवंबर का अंतिम सप्ताह और दिसंबर का पहला पखवाड़ा खास रहेगा। इसके बाद करीब दो महीने तक विवाह समारोहों की धूम थमी रहेगी।

