अनौनी : गहिरा के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई से ज्यादा बच्चों की सुरक्षा की चिंता, परिसर में लगा ट्रांसफार्मर बन सकता है खतरा

अनौनी। बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से अभिभावक उन्हें रोजाना विद्यालय भेजते हैं, लेकिन चांदपुर के गहिरा प्राथमिक विद्यालय में स्थिति इसके उलट है। यहां पढ़ने वाले 63 छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। विद्यालय परिसर में ही लगा 100 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर और उसके आसपास से गुजर रहे बिजली के तार कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। खतरे की आशंका के चलते कई अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने में भी असहज महसूस कर रहे हैं। हाल ही में गाजीपुर के जंगीपुर क्षेत्र के एक निजी विद्यालय और बलिया के एक सरकारी विद्यालय में करंट की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत की घटनाओं ने अभिभावकों की चिंता और बढ़ा दी है। इन घटनाओं के बाद भी गहिरा प्राथमिक विद्यालय में विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय परिसर में लगा ट्रांसफार्मर छोटे बच्चों के लिए गंभीर खतरा है। खेलते-कूदते या विद्यालय परिसर में घूमते समय किसी भी तरह की लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। अभिभावकों के सामने बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और शिक्षा विभाग से विद्यालय परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वाेपरि है। विभागों को किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना समय रहते जरूरी कदम उठाने चाहिए।

