गाजीपुर : पुलिस एनकाउंटर न कर सके, इसी चालाकी में हत्यारोपी प्रधान ने थाने में किया था सरेंडर, आखिरकार पुलिस की गोली से ही घायल हुआ संजय बिंद, दोनों पैरों में लगी गोली





गाजीपुर। पुलिस एनकाउंटर के डर से हाथ में आत्मसमर्पण का बैनर लेकर कोतवाली पहुंचने वाले मोहांव गोलीकांड के मुख्य आरोपी संजय बिंद को आखिरकार पुलिस की गोली लग ही गई। मंगलवार की दोपहर सदर कोतवाली में सरेंडर करने के कुछ घंटे बाद ही उसकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। घटना में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश करना उसे भारी पड़ गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। बकराबाद ग्राम प्रधान संजय बिंद मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हाथ में बैनर लेकर सदर कोतवाली पहुंचा था। बैनर पर लिखा था, ‘मैं संजय बिंद आत्मसमर्पण कर रहा हूं।’ बताया गया कि पुलिस एनकाउंटर की आशंका के चलते उसने खुद को पुलिस के हवाले किया था। उसे शायद उम्मीद थी कि आत्मसमर्पण के बाद एनकाउंटर का खतरा टल जाएगा, लेकिन कुछ ही घंटों बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। पुलिस घटना में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी के लिए उसे लेकर गई थी। इसी दौरान पीजी कॉलेज लार्ड कार्नवालिस के समीप उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संजय बिंद के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि मोहांव गोलीकांड में संजय बिंद मुख्य आरोपी है। आत्मसमर्पण के दौरान उसने मीडिया को बताया था कि जुआ में डेढ़ लाख रुपये जीतने के बाद पैसे को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने पिस्टल से गोली चलाई थी। मामले में करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आत्मसमर्पण के बाद भी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने की इस घटना ने पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। हालांकि, मुठभेड़ के संबंध में पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : दीपावली पर अलग-अलग क्षेत्रों में आतिशबाजी के दौरान दो लोग झुलसे, सीएचसी में कराया गया उपचार
सैदपुर : कंपनी से आपूर्ति न मिलने पर फिर हुई सिलेंडर की किल्लत, 4 दिनों से बाधित हुई आपूर्ति तो एजेंसी के चक्कर लगाने लगे उपभोक्ता >>