सैदपुर : दीपों की रोशनी से जगमगाया पूरा सैदपुर, ग्रामीण अंचलों में भी हर्षाेल्लास से मनी दीपावली, घर-आंगन से लेकर बाजारों तक दिखी रौनक





सैदपुर। नगर सहित पूरे ग्रामीण अंचल में दीपावली का पर्व गुरुवार को परंपरागत श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। घरों, प्रतिष्ठानों और बाजारों की साफ-सफाई व आकर्षक सजावट के बाद शाम होते ही पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। लोगों ने अपने घरों के दरवाजों, छतों और आंगनों में मिट्टी के दीये जलाए। वहीं रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, आकर्षक लाइटों और कंदीलों से घरों एवं दुकानों की सजावट देखते ही बन रही थी। शाम को शुभ मुहूर्त में लोगों ने विधि-विधान से भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों और युवाओं में आतिशबाजी को लेकर विशेष उत्साह रहा। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी की चमक और पटाखों की गूंज से दीपावली की रौनक और बढ़ गई। सैदपुर बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों और गांवों में भी देर रात तक चहल-पहल बनी रही। त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन की सतर्कता के बीच अधिकांश स्थानों पर शांति और सौहार्द का माहौल रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर अगलगी की छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं, लेकिन उन्हें छोड़कर कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं रही।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : दीपावली पर प्रशिक्षुओं ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश, की मंदिर-मस्जिद और अंबेडकर प्रतिमा स्थल की सफाई
सैदपुर : दीपावली पर अलग-अलग क्षेत्रों में आतिशबाजी के दौरान दो लोग झुलसे, सीएचसी में कराया गया उपचार >>