वाराणसी : छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर डीआरएम ने किया सीवान जंक्शन का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

वाराणसी। छठ महापर्व पर ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीवान जंक्शन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफार्मों, यात्री आश्रय केंद्र, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, फुट ओवरब्रिज, स्वचालित सीढ़ियों, लिफ्ट, प्रतीक्षालय और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संभावित भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्मों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने तथा टिकट काउंटरों पर व्यवस्थित कतारें बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी नियमित रूप से उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से प्रसारित करने पर जोर दिया। डीआरएम ने यात्री आश्रय केंद्र में स्थापित हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा बूथ और मिनी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। इसके अलावा स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, शिफ्टवार सफाई व्यवस्था और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सीवान जंक्शन पर चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीआरएम ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। स्टेशन निरीक्षण के बाद उन्होंने रेलवे कॉलोनी का भी जायजा लिया और रेल कर्मचारियों से उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कॉलोनी में नवनिर्मित पार्क के उचित रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडलीय इंजीनियर विकास कुमार सिंह, ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव आदि रहे।

