भांवरकोल : दीवाली की रात आग लगने से गृहस्थ का निकला दीवाला, दो झोपड़ियां और गृहस्थी का सामान जलकर राख, 3 बकरियां भी जलीं

भांवरकोल। क्षेत्र के मनियां गांव में रविवार की रात करीब 8ः30 बजे अचानक आग लगने से सुरेश राम की दो झोपड़ियां और उनमें रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में झोपड़ी में बंधी बकरी की भी जलने से मौत हो गई। आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं ग्रामीणों ने समर्सिबल और अन्य उपलब्ध साधनों से पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आर्थिक रूप से बेहद कमजोर सुरेश राम के सामने इस अग्निकांड के बाद परिवार के भरण-पोषण और रहने का संकट खड़ा हो गया है। आग से उन्हें हजारों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। मौके पर पहुंचकर प्रशासन ने नुकसान का आंकलन किया। पीड़ित ने बताया कि अगलगी में 10 बोरी सीमेंट, एक बोरी गेहूं, 25 किलो आटा, रजाई-कंबल सहित तीन बकरियां जल गईं।

