भांवरकोल : चालक के हेलमेट पर बंदर के कूदने से अनियंत्रित होकर पलटी बाइक, अचानक आई कार की चपेट में आने से मासूम की मौत, एक घायल





भांवरकोल। थानाक्षेत्र के एनएच-31 पर सोमवार को मनियां-मिर्जाबाद चट्टी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके बड़े पिता घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पेड़ से अचानक बंदर के बाइक चालक के हेलमेट पर कूदने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बच्ची की जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बलिया जिले के नरहीं थानाक्षेत्र के भरौली निवासी कमलेश राम अपनी 6 वर्ष की बीमार भतीजी समीक्षा पुत्री विमलेश राम का उपचार कराने के बाद मुहम्मदाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मनियां-मिर्जाबाद चट्टी के पास पहुंची, बाइक चला रहे कमलेश राम के हेलमेट पर वहीं पेड़ पर बैठा एक बंदर कूद गया। अचानक उसके कूदने से वो हड़बड़ा गए और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। उसी समय सामने से आ रही कार की चपेट में समीक्षा आ गई और सिर व गर्दन में गंभीर चोट लगने के चलते मौके पर ही उसकी बेहद दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे कमलेश राम भी घायल हो गए। इधर परिजनों को पता लगने के बाद उनमें कोहराम मच गया और वो मौके पर पहुंचे। वहीं घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव पांडेय भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और घायल कमलेश राम को सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और चार पहिया वाहन को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के बड़े पिता कमलेश राम की तहरीर पर संबंधित वाहन और उसके स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : दीपावली पर छात्र नेताओं की अनूठी पहल, नवापुरा गंगा घाट पर रोपे नीम और पीपल के पौधे
भांवरकोल : ओवरटेक कर रहे तेज रफ्तार वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई कार पेड़ से टकराकर पलटी, वाहन फरार >>