सैदपुर : 500 दीयों से जगमगाया भितरी स्थित सम्राट स्कंदगुप्त का ऐतिहासिक ‘साम्राज्य’, मुस्लिम समाजसेवी ने दीप जलाकर दिया धरोहर संरक्षण का संदेश

सैदपुर। दीपावली के अवसर पर क्षेत्र के भितरी स्थित वीर सम्राट स्कंदगुप्त परिसर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान समाजसेवी सनाउल्लाह सिद्दिकी शन्ने ने अपने साथियों के साथ परिसर में मिट्टी के 500 दीपक जलाकर ऐतिहासिक धरोहर को रोशनी से जगमगा दिया। दीपों की आकर्षक कतारों से पूरा परिसर प्रकाशमय हो उठा। इस आयोजन में स्थानीय युवाओं और लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। दीपोत्सव के माध्यम से ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान समाजसेवी सनाउल्लाह शन्ने ने कहा कि सम्राट स्कंदगुप्त का इतिहास देश के शौर्य, पराक्रम और स्वाभिमान का प्रतीक है। ऐसी ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजना और उनके प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव जैसे आयोजन लोगों को अपनी ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बन सकते हैं। इस मौके पर अरमान, ईशान इदरीसी, राकेश आदि रहे।



