सैदपुर : सूर्योपासना के महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण, दिया निर्देश

सैदपुर। छठ महापर्व को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को एसडीएम ज्योति चौरसिया व सीओ शुभम वर्मा ने अधिकारियों की टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान वो नगर के अन्य घाटों सहित फुलवारी कलां और फुलवारी खुर्द स्थित घाटों पर पहुंचीं और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर परिस्थितियां अनुकूल नहीं मिलने पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, रास्तों की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही जलाशयों के किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लें और पर्व के दौरान सतर्कता बनाए रखें। स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा और सुविधा को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस मौके पर कोतवाल अमित मिश्रा, चौकी प्रभारी मनोज पांडेय आदि रहे।

