वाराणसी : छठ महापर्व को लेकर छपरा जंक्शन पर रेलवे अलर्ट, डीआरएम ने किया निरीक्षण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के दिए निर्देश

वाराणसी। छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे प्रशासन ने स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने वरिष्ठ मंडलीय अधिकारियों के साथ छपरा जंक्शन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफार्मों, यात्री आश्रय केंद्र, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, फुट ओवरब्रिज, स्वचालित सीढ़ियों, लिफ्ट, प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, फूड स्टॉल और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संभावित भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्मों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने तथा टिकट काउंटरों पर व्यवस्थित कतारें बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और अन्य जरूरी सूचनाओं की नियमित उद्घोषणा सुनिश्चित करने को कहा। डीआरएम ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने, शिफ्टवार सफाई कराने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती पर जोर दिया। उन्होंने यात्री आश्रय केंद्र में स्थापित हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा बूथ और मिनी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों से सीधे संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में उनका फीडबैक लिया। इसके पूर्व डीआरएम ने छपरा जंक्शन के सेकेंड एंट्री परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और प्रतीक्षालय को शीघ्र यात्रियों के उपयोग के लिए चालू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता तथा सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करें। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडलीय इंजीनियर विकास कुमार सिंह, ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडलीय विद्युत इंजीनियर कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडलीय यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडलीय सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ आदि रहे।

