वाराणसी : छठ पर्व पर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर डीआरएम ने किया वाराणसी सिटी-छपरा रेलखंड का निरीक्षण, बलिया स्टेशन पर परखी व्यवस्थाएं

वाराणसी। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और पूजा स्पेशल ट्रेनों के सुचारु संचालन को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने वाराणसी सिटी-छपरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बलिया स्टेशन पहुंचकर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। बलिया स्टेशन पर डीआरएम ने छठ पर्व के मद्देनजर बनाए गए यात्री आश्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां विद्युत प्रकाश, पंखे, शुद्ध पेयजल, मोबाइल यूटीएस टिकटिंग सुविधा, प्राथमिक चिकित्सा बूथ और ट्रेनों की जानकारी देने के लिए जन उद्घोषणा प्रणाली एवं वीडियो पैनलों की व्यवस्था देखी। उन्होंने यात्री आश्रय केंद्र में अतिरिक्त मोबाइल चार्जिंग पॉइंट लगाने तथा यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर बैनर-पोस्टर लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने यात्रियों की भीड़ पर चौबीसों घंटे नजर रखने के लिए स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। डीआरएम ने भगदड़ और आगजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने, प्लेटफार्मों पर स्पष्ट सीमांकन कराने और बैरिकेडिंग की व्यवस्था मजबूत करने को कहा। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिफ्टवार 24 घंटे ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। यात्रियों की सहायता के लिए स्थापित सहायता बूथ को भी चौबीसों घंटे संचालित रखने तथा संभावित भीड़ को देखते हुए टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अतिरिक्त टिकट काउंटर, एटीवीएम और एमयूटीएस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो। इसके अलावा सभी प्लेटफार्मों पर सीसीटीवी से निगरानी, ट्रेनों के पूर्व निर्धारित प्लेटफार्मों पर संचालन और फुट ओवरब्रिज पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में आरपीएफ जवानों की तैनाती के निर्देश दिए। डीआरएम ने यात्रियों को मोबाइल टिकटिंग और स्वचालित टिकट मशीनों के माध्यम से टिकट लेने के लिए जागरूक करने तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडलीय इंजीनियर विकास कुमार सिंह, ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडलीय विद्युत इंजीनियर कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडलीय यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडलीय सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ आदि रहे।

