अनौनी : शराब पीने के दौरान कथित हवाई फायरिंग से इलाके में दहशत, रॉड और पाइप से युवक की पिटाई कर पोखरे में फेंकने का आरोप, ट्रॉमा सेंटर रेफर

अनौनी। खानपुर थानाक्षेत्र के जमकीडीह पोखरे पर शुक्रवार की रात शराब पीने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के युवकों ने लोहे की रॉड और पाइप से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसे पोखरे में फेंककर कथित रूप से तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बैरहिया गांव निवासी सिनोध बिंद पुत्र मुसाफिर बिंद ने बताया कि शुक्रवार की रात वह अपने दोस्त विशाल पुत्र अयोध्या बिंद और रामाशीष पुत्र सूर्यदेव बिंद के साथ जमकीडीह पोखरे पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान नोनरा गांव निवासी एक युवक अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा। कुछ देर बाद सैदपुर निवासी उसके कुछ अन्य साथी भी आ गए। आरोप है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विरोध करने पर युवकों ने सिनोध बिंद पर लोहे की रॉड और पाइप से हमला कर दिया। हमले में सिनोध गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावर उसे पोखरे में फेंकने के बाद हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

