दुल्लहपुर : धनतेरस की खरीददारी कर रही महिला का लॉकेट छीनकर भागा उचक्का, लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा, पुलिस को सौंपा

दुल्लहपुर। धनतेरस पर शुक्रवार को दुल्लहपुर बाजार की आलू मंडी स्थित सब्जी मंडी में खरीदारी कर रही एक महिला के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। स्टेशन के पीछे घेराबंदी कर लोगों ने आरोपी को दबोच लिया। महिला के मुताबिक, छीना गया लॉकेट भी उसके पास से बरामद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कार्यवाही के बाद उसे जेल भेज दिया गया। बड़ा मियना निवासी सुमित्रा शुक्रवार को अपनी बच्ची के साथ धनतेरस की खरीददारी करने दुल्लहपुर बाजार आई थीं। शाम करीब चार बजे वह आलू मंडी स्थित सब्जी मंडी में सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान एक युवक अचानक उनके गले से सोने का लॉकेट छीनकर भागने लगा। महिला ने शोर मचाते हुए अपनी बच्ची के साथ उसका पीछा किया। महिला की आवाज सुनकर बाजार में मौजूद लोग भी उचक्के के पीछे दौड़ पड़े। स्टेशन के पीछे लोगों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। सुमित्रा ने बताया कि पकड़े जाने के बाद उचक्के के पास उनका छीना गया लॉकेट भी मिल गया। उचक्के ने अपना नाम आकाश यादव निवासी गोसइयां बताया। घटना की जानकारी मिलने पर दुल्लहपुर स्टेशन पर मौजूद जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई। बाद में दुल्लहपुर थाने की पुलिस ने उचक्के को गिरफ्तार कर लिया और फिर जेल भेज दिया गया।

