सैदपुर : अज्ञात वाहन की टक्कर से टूटा बिजली का पोल, रातभर ठप रही आपूर्ति, सुबह लगा नया पोल

सैदपुर। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर लगा सीमेंटेड विद्युत पोल शुक्रवार की देर रात किसी अज्ञात बड़े वाहन की टक्कर से दो हिस्सों में टूट गया। हादसे में पोल पर लगे कई बिजली के तार भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते उस क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। संयोग अच्छा रहा कि घटना रात के समय हुई, अन्यथा दिन में अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों के लिए बड़ा हादसा हो सकता था। पोल टूटने और तार क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने के बाद विद्युत विभाग ने शनिवार को मरम्मत कार्य शुरू कराया। मौके पर पहुंचे विद्युतकर्मियों ने क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत करने के साथ ही पुराने टूटे पोल को हटाकर नया विद्युत पोल लगाया। इसके बाद आवश्यक कार्य पूरा कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। इस संबंध में अवर अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से विद्युत पोल टूटने की आशंका है। विभागीय कर्मचारियों ने अगले ही दिन मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पोल और तारों को दुरुस्त कराया तथा नया पोल लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

