सैदपुर : रामलीला मैदान में सजी पटाखों की मंडी, नौ दुकानदारों को मिला लाइसेंस, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच बिकेंगे लाखों के पटाखे

सैदपुर। दीपावली पर्व को लेकर नगर के रामलीला मैदान में पटाखों की 2 दिवसीय अस्थायी मंडी सजकर तैयार हो गई है। यहां पटाखों की दुकानें लगने के साथ ही खरीदारों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। इस बार प्रशासन की ओर से कुल नौ पटाखा विक्रेताओं को बिक्री के लिए लाइसेंस जारी किया गया है। दो दिवसीय इस पटाखा मंडी में दीपावली के अवसर पर लाखों रुपये के पटाखों की बिक्री होती है। इसके चलते आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी करने पहुंचते हैं। पटाखा विक्रेता अजय जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष कुल नौ दुकानदारों को पटाखा बिक्री का लाइसेंस मिला है। सभी दुकानदारों की ओर से सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक दुकान के बाहर पानी से भरे ड्रम, जूट के भीगे हुए बोरे और अग्निशमन से संबंधित आवश्यक उपकरण रखे गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। इसके अलावा दुकानों के पीछे नगर पंचायत की ओर से पानी से भरा टैंकर भी खड़ा कराया गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर आग पर काबू पाने में मदद मिल सके। दीपावली के दौरान पटाखों की खरीदारी को लेकर रामलीला मैदान में हर साल अच्छी खासी भीड़ जुटती है। सैदपुर नगर के अलावा खानपुर, भीमापार, औड़िहार, देवकली और आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी लोग पटाखे खरीदने पहुंचते हैं। महज दो दिनों तक लगने वाली इस अस्थायी मंडी में लाखों रुपये का कारोबार होता है। ऐसे में दुकानदारों के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना महत्वपूर्ण है। प्रशासन की ओर से जारी लाइसेंस के तहत दुकानें संचालित की जा रही हैं। दुकानदारों ने भी ग्राहकों से पटाखे खरीदते समय सावधानी बरतने और घरों में सुरक्षित स्थान पर उनका इस्तेमाल करने की अपील की है। वहीं उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने कहा कि जितने दुकानदारों को लाइसेंस दिए गए हैं, सुरक्षा के तमाम इंतजामों के बीच सिर्फ वही पटाखे बेचेंगे।

