भांवरकोल : पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर गलत लेन में आकर बालू लदे ट्रेलर ने कार को मारी भीषण टक्कर, कार चालक की मौत, तीन घायल





भांवरकोल। थानाक्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस वे स्थित टोल प्लाजा के पास गलत लेन में आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने कार को भीषण टक्कर मार दी। जिसमें कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार में सवार चार युवक पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के रास्ते बिहार की राजधानी पटना जा रहे थे। इसी दौरान गलत लेन में सामने से आ रहे बालू लदे ट्रेलर की कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक बिहार के औरंगाबाद जिले के गोविंदपुर (आशियाना मोड़, पटना) निवासी ऋषभ आनंद (29) और वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के करथहां अंतर्गत चंदावार निवासी पुष्कर कुमार (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं भागलपुर जिले के कहलगांव निवासी रविराज (28) और झारखंड के दुमका जिले के बासुकीनाथ निवासी प्रफुल्ल कुमार (27) को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस, यूपीडा की गश्ती टीम और मुख्य सुरक्षा अधिकारी भरत यादव, सहायक सुरक्षा अधिकारी गजानन सिंह यादव व अनिल सिंह मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी मच्छटी श्याम सिंह भी पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऋषभ आनंद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुष्कर कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं रविराज और प्रफुल्ल कुमार को हल्की चोटें आईं। बाद में यूपीडा के सुरक्षा कर्मियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कराया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : पीजी कॉलेज में बॉयोमेट्रिक के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, 710 छात्रों ने डीएम के नाम ज्ञापन दे आमरण अनशन की दी चेतावनी
भीमापार : मुसहर बस्ती में गरीबों के बीच पहुंचीं जिपं प्रशासक ने बांटी साड़ी-मिठाई, पटाखे पाकर बच्चों के चेहरे खिले >>