गाजीपुर : पीजी कॉलेज में बॉयोमेट्रिक के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, 710 छात्रों ने डीएम के नाम ज्ञापन दे आमरण अनशन की दी चेतावनी

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसके विरोध में छात्रों ने दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान चलाने के बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान 710 छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा गया। साथ ही जिलाधिकारी के नाम पत्रक सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में छात्रों ने अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान को ज्ञापन सौंपा। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर छात्रों से पैसे वसूले जा रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र आमरण अनशन और व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कॉलेज प्रशासन के उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें अवैध वसूली से इंकार किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों के आरोप गलत हैं तो कॉलेज प्रशासन इसकी निष्पक्ष जांच कराने के बजाय शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है। छात्र नेता आकाश चौधरी ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष परिसर में लिखित नोटिस के माध्यम से पैसे लिए गए थे, जबकि इस बार बाहर की दुकानों पर बायोमेट्रिक के नाम पर वसूली की जा रही है। प्रद्युम्न सिंह यादव ने कहा कि 710 छात्रों के हस्ताक्षर मामले की गंभीरता को दर्शाते हैं। वहीं निलेश बिंद और विकास यादव ने बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क कराने तथा छात्रों से कथित तौर पर वसूली गई धनराशि वापस कराने की मांग की। छात्रों ने मांग किया कि राज्यपाल और जिलाधिकारी के स्तर से स्वतंत्र जांच कमेटी गठित की जाए, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की निशुल्क व्यवस्था कॉलेज परिसर में ही सुनिश्चित हो तथा कथित वसूली में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी। इस मौके पर अंकित भारद्वाज, विवेक, अखिलेश, पवन, मोहित, अभिमन्यु विश्वकर्मा, ऋतिक, सोनू यादव, बागी, विवेक यादव, अमन आदि रहे।

