दुल्लहपुर : दो बाइकों की सीधी टक्कर में युवती गंभीर रूप से घायल, दूसरे हादसे में ठेले से पैर टकराने पर महिला घायल





दुल्लहपुर। स्थानीय बाजार में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में 18 वर्षीय युवती समेत दो महिलाएं घायल हो गईं। पहली घटना में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवती के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरी घटना में सड़क किनारे खड़े ठेले से पैर टकराने के कारण बाइक सवार महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं। दोनों घायलों को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पहली घटना बाजार के पूर्वी छोर पर हनुमान मंदिर के पास हुई। जफरपुर निवासी अग्निवेश यादव अपनी बाइक से अपनी मौसी और बहन अंजली यादव को लेकर बाजार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक ही बाइक पर सवार 3 युवक आ रहे थे। उस बाइक से दूसरी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अग्निवेश की बाइक सड़क पर पलट गई और अंजली के सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें तत्काल मऊ के एक निजी अस्पताल ले गए। इधर अग्निवेश के भाई सत्या यादव का आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक कथित रूप से नशे में थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया था, लेकिन वे बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस भी पहुंची। वहीं दूसरी घटना बाजार के पश्चिमी छोर पर स्टेट बैंक से आगे हुई। देवरी बारी निवासी पंकज चौहान अपनी पत्नी और बच्चे के साथ जलालाबाद की तरफ से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भीड़भाड़ के बीच सड़क किनारे खड़े ठेले से उनकी पत्नी का पैर टकरा गया, जिससे वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनके सिर और पैर में चोट आई और वह बेहोश हो गईं। पंकज ने अपने पिता की मदद से उन्हें टोटो से दुल्लहपुर के निजी अस्पताल पहुंचाया। इस बाबत थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पहली घटना की जानकारी मिली है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी घटना के संबंध में उन्होंने बताया कि अभी कोई सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : छठ पूजा को लेकर पोखरों की सफाई शुरू, घाटों पर होगी बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
कासिमाबाद : तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर और टेंपो को टक्कर मार भागते हुए आगे जाकर पलटा, चालक घायल, नशे में होने की आशंका >>