अनौनी : छठ पूजा को लेकर पोखरों की सफाई शुरू, घाटों पर होगी बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान

अनौनी। लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पोखरों और जलाशयों की साफ-सफाई शुरू करा दी गई है। खानपुर, सरवरपुर, शिवदासपुर, गौर और छपरा गांवों में पोखरों के आसपास फैली गंदगी हटाई जा रही है। इस कार्य में ग्रामीण भी श्रमदान कर सहयोग कर रहे हैं। छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पोखरों के किनारे अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिपं सदस्य रामखेलावन यादव ग्रामीणों के सहयोग से विभिन्न गांवों के पोखरों और जलाशयों की सफाई करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी छठ महापर्व को देखते हुए सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए घाटों पर साफ-सफाई के साथ पानी में सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। रात के समय पर्याप्त रोशनी के लिए लाइटों की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा पर्व नजदीक आने पर घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त कराने और पूजा स्थलों को व्यवस्थित करने की भी तैयारी है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से छठ पूजा कर सकें।

