अनौनी/सिधौना : खेत में खून से लथपथ अधमरा मिला युवक, सिर पर चोट के निशान से हमले की आशंका, मौके पर मिली खून से सनी ईंट व शराब की टूटी बोतल

सिधौना/अनौनी। खानपुर थानाक्षेत्र के अलिमापुर में शुक्रवार की देर शाम ट्यूबवेल के पास खेत में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ बेहोशी की हालत में मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल पर खून बिखरा होने के साथ ही शराब की टूटी बोतल और खून से सनी ईंट के दो टुकड़े मिलने से युवक पर हमले की आशंका जताई जा रही है। घायल की पहचान सैदपुर थानाक्षेत्र के पकवा इनार गांव निवासी विपुल यादव (26) पुत्र वीरेंद्र यादव के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची खानपुर पुलिस ने तत्काल घायल युवक को सैदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। युवक के घायल मिलने की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को विपुल की पैंट की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार, विपुल गांव में डेली कलेक्शन का काम करता था। शुक्रवार देर शाम वह घर से बिना बताए निकला था। इसके बाद वह अलिमापुर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में घायल हुआ, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है। इधर घटना की जानकारी मिलने पर सिधौना चौकी प्रभारी सुधीर राय ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वहां से शराब की टूटी बोतल और खून से सनी ईंट के दो टुकड़े बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घायल युवक के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। लोगों में चर्चा है कि घटना के वक्त युवक के साथ उसका कोई अपना मौजूद था। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

