वाराणसी : बनारस स्टेशन पर ‘रिड्यूस वेस्ट’ थीम पर चला जागरूकता अभियान, कचरे के पुनः उपयोग का दिया संदेश, गाजीपुर सिटी समेत कई स्टेशनों पर हुए कार्यक्रम

वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मिशन लाइफ पहल के तहत आयोजित ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के अंतिम दिन शनिवार को बनारस स्टेशन पर ‘रिड्यूस वेस्ट’ (कचरा कम करें) थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य कचरे की मात्रा कम करने के साथ अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में रेलकर्मियों को कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही अनुपयोगी समझे जाने वाले अपशिष्ट पदार्थों से उपयोगी वस्तुएं और कलाकृतियां बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में वेस्ट सेग्रीगेशन एट सोर्स और वेस्ट टू आर्ट की अवधारणा समझाई गई। रेलकर्मियों को कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में एकत्रित करने तथा उसके रचनात्मक उपयोग के तरीके बताए गए। इसके साथ ही कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण यानी रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल तकनीक अपनाने का संदेश दिया गया। रेलवे प्रशासन की ओर से प्रयागराज रामबाग, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सीवान, भटनी और देवरिया सहित विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और यूनिटों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से रेलकर्मियों और आम लोगों को स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

