वाराणसी : मंडल चिकित्सालय में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर हुआ सेमिनार, संक्रमण रोकने के बताए उपाय, चिकित्सकों ने भी ली स्वच्छता की शपथ

वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मिशन लाइफ के तहत आयोजित ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के क्रम में शनिवार को मंडल चिकित्सालय में ‘बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन: स्वच्छ अस्पताल, स्वच्छ समाज’ विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की उपस्थिति और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरजे चौधुरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन की जानकारी दी गई। सेमिनार में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना दूबे ने बायोमेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन और निस्तारण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जैव चिकित्सा अपशिष्ट को निर्धारित रंगों के अनुसार अलग-अलग करना, उसका सुरक्षित संग्रहण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना जरूरी है। इससे अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ संक्रमण के प्रसार को भी रोका जा सकता है। इस दौरान डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित चिकित्सालय के निर्माण में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने का आह्वान किया। सेमिनार के समापन पर उपस्थित चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने बायोमेडिकल वेस्ट के उचित पृथक्करण, सुरक्षित प्रबंधन और वैज्ञानिक निस्तारण के साथ चिकित्सालय परिसर को स्वच्छ एवं संक्रमणमुक्त बनाए रखने की शपथ ली। इस मौके पर डॉ. एके सिंह, डॉ. आरआर सिंह, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. ममता कुमारी, डॉ. मोनिका शुक्ला आदि रहे।

