गाजीपुर : दीपावली और महापर्व छठ पर देहरादून-मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन, औड़िहार के यात्रियों को नहीं मिलेगा ठहराव

गाजीपुर। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने देहरादून और मुजफ्फरपुर के बीच आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 04336/04335 देहरादून-मुजफ्फरपुर-देहरादून विशेष ट्रेन का संचालन गोरखपुर के रास्ते तीन-तीन फेरों में किया जाएगा। यह ट्रेन देहरादून से 7, 10 और 13 नवंबर को तथा मुजफ्फरपुर से 8, 11 और 14 नवंबर को रवाना होगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के अनुसार, 04336 देहरादून-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन निर्धारित तिथियों पर देहरादून से दोपहर 1ः45 बजे प्रस्थान करेगी। यह हरिद्वार, नजीबाबाद, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और लखनऊ होते हुए अगले दिन सुबह 8ः45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से कप्तानगंज, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, चकिया और मेहसी होते हुए शाम 5ः30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में 04335 मुजफ्फरपुर-देहरादून विशेष ट्रेन 8, 11 और 14 नवंबर को मुजफ्फरपुर से रात 8ः40 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 6ः10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती, मनकापुर, गोंडा, बुढ़वल, बाराबंकी और लखनऊ होते हुए तीसरे दिन रात 1ः40 बजे देहरादून पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इनमें वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक, शयनयान श्रेणी के पांच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के आठ और एसएलआर के दो कोच शामिल होंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।

