गोरखपुर : दीपावली और छठ पर चंडीगढ़-पूर्णिया के बीच चलेगी आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन, गाजीपुर सिटी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

गोरखपुर। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे प्रशासन ने चंडीगढ़ और पूर्णिया के बीच आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 04514/04513 चंडीगढ़-पूर्णिया-चंडीगढ़ विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी। इससे गाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। 04514 चंडीगढ़-पूर्णिया आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन सात और 11 नवंबर को चंडीगढ़ से रात 10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन वाराणसी जंक्शन पर दोपहर 2 बजे और गाजीपुर सिटी पर दोपहर 3ः25 बजे पहुंचेगी। इसके बाद बलिया, सुरेमनपुर, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सहरसा और बनमनखी होते हुए तीसरे दिन सुबह 3ः50 बजे पूर्णिया पहुंचेगी। वापसी में 04513 पूर्णिया-चंडीगढ़ विशेष ट्रेन नौ और 13 नवंबर को पूर्णिया से सुबह 6ः50 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गाजीपुर सिटी पर शाम 7ः35 बजे और वाराणसी जंक्शन पर रात 9ः35 बजे पहुंचेगी। इसके बाद प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर और यमुनानगर जगाधरी होते हुए अगले दिन दोपहर 2ः45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में शयनयान श्रेणी के नौ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11, एक जनरेटर सह लगेज यान और एक एलएसएलआरडी सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन के अनुसार त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए इस ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।

