जखनियां : पौधरोपण अभियान से संवरेगा जखनियां का तहसील परिसर, खाली जमीन पर बनेगा फूलों का बागान, वाहन स्टैंड भी बनेगा

जखनियां। स्थानीय तहसील परिसर को हरा-भरा, स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए सुंदरीकरण की पहल शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी अतुल कुमार, तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी और वन विभाग के क्षेत्राधिकारी शंकर नाथ सिंह ने परिसर में चांदनी, सिंदूर, मौलश्री सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण पर जोर दिया। तहसीलदार ने बताया कि तहसील परिसर में उगी घास की जल्द सफाई कराई जाएगी। परिसर में खाली पड़ी जमीन पर वाहन स्टैंड विकसित करने के साथ ही फूलों का बागान तैयार करने की योजना है। इसके अलावा खाली स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि तहसील परिसर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से सुंदरीकरण के कार्य कराए जाएंगे। इस मौके पर नायब तहसीलदार विवेकानंद सिंह आदि रहे।

