सैदपुर : अवैध तमंचे के साथ 11 मुकदमों में वांछित अंतर्जनपदीय बदमाश गिरफ्तार, तीन जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

सैदपुर। स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार की देर रात चेकिंग के दौरान एक आरोपी को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गाजीपुर, आजमगढ़ और चंदौली जनपद के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शुक्रवार की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति सैदपुर भितरी रेलवे स्टेशन के बाहर संजय वन के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जिसके बाद उसे थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम परमेश जायसवाल पुत्र स्व. विद्यानाथ जायसवाल निवासी धरहरा, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ बताया। जिसके बाद पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सैदपुर कोतवाली में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आजमगढ़ के देवगांव, गाजीपुर के खानपुर और चंदौली जनपद के सकलडीहा थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कस्बा चौकी प्रभारी मनोज पाण्डेय, कां. प्रभाकर मिश्र, चंद्रदेव सिंह गोंड व शनि कुमार रहे।

