सैदपुर : आज से शुरू हुआ पंचपर्व, सुरक्षा व्यवस्था परखने सड़क पर उतरे पुलिस अधीक्षक पहुंचे सर्राफा बाजार, सर्राफा दुकानों के शटर व ताले की जांची मजबूती

सैदपुर। आज से पंचपर्व शुरू हो गए। इस दौरान पंचपर्व के पहले दिन धनतेरस पर बाजारों में उमड़ रही खरीदारों की भीड़ और सर्राफा दुकानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शुक्रवार की देर शाम करीब आठ बजे नवागत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सैदपुर बाजार पहुंचे और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सर्राफा बाजार पहुंचकर आभूषण की दुकानों का निरीक्षण किया और व्यापारियों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने बाजार में बंद पड़ी आभूषण की दुकानों के शटर और तालों की स्थिति भी देखी, ताकि त्योहार के दौरान बंद दुकानों की सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि धनतेरस और दीपावली के दौरान सर्राफा दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ के साथ ही नकदी और आभूषणों का अधिक लेनदेन होता है। ऐसे में आभूषण निकालने, तिजोरी खोलने और बंद करने के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जानकारी ली और उन्हें हमेशा सक्रिय रखने पर जोर दिया। एसपी ने व्यापारियों को सलाह दी कि दुकान या बाजार में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि पर नजर रखें और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान व्यापारियों और आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए बाजारों में पुलिस की निगरानी और गश्त जारी रहेगी। इस दौरान सीओ शुभम वर्मा, कोतवाल अमित मिश्रा और चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बाजार में पैदल भ्रमण कर व्यापारियों और खरीदारों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

