जखनियां : मामूली विवाद में सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला, बीयर की बोतल तोड़ पेट में किया वार, गंभीर हाल में रेफर

जखनियां। भुड़कुड़ा थानाक्षेत्र के जखनियां कस्बे में शुक्रवार की रात सब्जी विक्रेता पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने रेलवे लाइन के किनारे मीट मंडी के पास उसे घेरकर बीयर की बोतल तोड़ उससे पेट में वार कर लहूलुहान कर दिया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिया गया। मंझनपुर महुआरी निवासी नरसिंह कुशवाहा के करीब 30 वर्षीय पुत्र विजय कुशवाहा जखनियां कस्बे में सब्जी बेचने का काम करते हैं। इस बीच रात करीब 8ः30 बजे उनकी दुकान पर किसी बात को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद रेलवे लाइन के किनारे मीट मंडी के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और बीयर की बोतल तोड़कर पेट में वार कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह घायल विजय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और भुड़कुड़ा पुलिस को सूचना दी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल युवक हमलावरों को पहचानता है और पुलिस को उनके नाम भी बताए हैं। घटना के बाद कस्बे में चर्चा और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मारपीट की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ रही है। मामले में भुड़कुड़ा प्रभारी निरीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

