मरदह : गलत लेन में आ रही स्कूली बस बाइक सवार को सीधी टक्कर मार हुआ फरार, युवक गंभीर रूप से हुआ घायल

मरदह। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर महेगवां गांव के पास शुक्रवार को गलत लेन में आ रही स्कूली बस ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए मऊ अस्पताल भेजा गया। बोगना नवपुरा गांव निवासी धीरेंद्र चौहान अपाचे बाइक से मरदह से अपने घर नवपुरा जा रहे थे। इसी दौरान महेगवां गांव के पास कथित तौर पर गलत लेन से आ रही स्कूली बस से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि धीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस बाबत थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

