कासिमाबाद : सिपाही की गिरफ्तारी की मांग कर परिजनों ने प्रेमी के घर शव रखकर किया प्रदर्शन, पूर्व प्रधान को नामजद करने के बाद शवदाह को हुए तैयार

कासिमाबाद। थानाक्षेत्र के चकसिया गांव में प्रेम प्रसंग के बाद शादी से इंकार किए जाने और युवती की जहरीला पदार्थ खाने से हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव लेकर परिजन आरोपी सिपाही के घर पहुंच गए और वहां शव रखकर उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इससे पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, मृतका के पिता राम कृपाल राजभर और ग्रामीण आरोपी सिपाही गोविंद राजभर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। परिजनों का आरोप था कि पुलिस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रही है। उनका कहना था कि मुख्य आरोपी गोविंद राजभर देवरिया जिले के एक थाने में सिपाही के पद पर तैनात है, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों ने युवती को जहरीला पदार्थ खाने के लिए उकसाने के मामले में महड़ौर गांव के पूर्व प्रधान भूटानी राजभर का नाम भी मुकदमे में शामिल करने और उसे वांछित घोषित करने की मांग उठाई। बुधवार से गुरुवार शाम तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति संभालने तथा परिजनों को समझाने में जुटे रहे। इस दौरान गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। अंततः मृतका के पिता राम कृपाल राजभर की लिखित तहरीर के आधार पर पूर्व प्रधान का नाम भी मुकदमे में शामिल किए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका सोनी राजभर के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमे में एक और नाम शामिल किया गया है। वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बाद मृतका के पिता राम कृपाल राजभर ने सिधागरघाट स्थित टोंस नदी के किनारे पुलिस की मौजूदगी में बेटी का अंतिम संस्कार किया।

