दुल्लहपुर : शादी से इंकार पर युवती को अश्लील फोटो भेजने व इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर भविष्य बर्बाद करने की धमकी, मुकदमा दर्ज

दुल्लहपुर। क्षेत्र के जफरपुर गांव निवासी एक युवती ने शादी से इंकार करने पर एक युवक पर मोबाइल फोन और इंटरनेट मीडिया के जरिए आपत्तिजनक तस्वीरें व संदेश भेजकर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में मरदह के बोगना गांव निवासी रामदुलारे चौहान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी रामदुलारे चौहान से पिछले दो वर्षों से मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच शादी की बात तय होने की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान युवती को युवक के अत्यधिक शराब सेवन की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने शादी से इंकार कर दिया और उससे बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि इसके बाद रामदुलारे चौहान मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती को आपत्तिजनक तस्वीरें व संदेश भेजने लगा। साथ ही उसका करियर बर्बाद करने और कहीं दूसरी जगह शादी तय होने पर उसमें बाधा डालने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक उसकी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

