अनौनी : सिधौना रामपुर हॉल्ट पर पांच साल के लिए नियुक्त हुए हॉल्ट एजेंट, टिकट घर शुरू होने से आसपास के गांवों के यात्रियों को मिलेगी राहत

अनौनी। सिधौना रामपुर हॉल्ट स्टेशन पर रेलवे प्रशासन ने विनय कुमार सिंह को हॉल्ट एजेंट की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति पांच वर्षों के लिए की गई है। उनका कार्यकाल 6 नवंबर 2026 से 5 नवंबर 2031 तक निर्धारित किया गया है। उनकी नियुक्ति के साथ ही स्थानीय रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। कई महीनों से बंद पड़ा हॉल्ट का टिकट घर भी जल्द दोबारा खुलने जा रहा है। सिधौना गांव निवासी विनय कुमार सिंह को स्टेशन पर रेलवे से संबंधित निर्धारित कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। उनके हॉल्ट एजेंट नियुक्त होने से स्टेशन पर टिकट वितरण की व्यवस्था फिर से शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। टिकट घर दोबारा शुरू होने से सिधौना रामपुर हॉल्ट से यात्रा करने वाले आसपास के गांवों के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। अभी टिकट के लिए उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद यात्रियों को टिकट के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। कई महीनों से बंद टिकट घर के दोबारा खुलने की खबर से स्थानीय रेल यात्रियों में खुशी है।

