सिधौना : कॉलेज और महाविद्यालय बनेंगे लोकतंत्र की प्रयोगशाला, छात्रों को पढ़ाया जाएगा मतदान का पाठ, इंटर कॉलेजों में बनेंगे इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब

सिधौना। विधानसभा चुनाव से पहले जिले के इंटर कॉलेजों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को लोकतंत्र और मतदान के महत्व की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से विद्यालयों, महाविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों तथा सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रामकरन शिक्षण संस्थान के डॉ. राजेश पाल ने बताया कि विद्यालयों में कक्षा 10 से 12 तक के 16 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए ईएलसी फ्यूचर वोटर्स क्लब का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही मतदान केंद्र स्तर पर स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से चुनाव पाठशालाएं संचालित होंगी। वहीं वोटर अवेयरनेस फोरम के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। राजाराम स्मृति महाविद्यालय चांदपुर के प्राचार्य सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता सूची और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा एसआईआर, ईवीएम और वीवीपैट का प्रदर्शन कर मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया समझाई जाएगी। नैतिक और जागरूक मतदान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, मॉक पोल और निबंध प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन प्रयासों से युवाओं में लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित होगी और वे भविष्य में जागरूक मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।

