जखनियां : माता-पिता की सेवा करना किसी तीर्थ यात्रा से कम नहीं, चलते-फिरते तीर्थ होते हैं मां-बाप - विजयानंद गिरी





जखनियां। क्षेत्र के पदुमपुर राम राय गांव स्थित स्व. वीरेंद्र सिंह इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन ऋषिकेश से पधारे महात्मा विजयानंद गिरि महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति, समर्पण और मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परमात्मा के बिना जीव का अस्तित्व संभव नहीं है। भगवान की शरण में जाने वाला मनुष्य कभी निराश नहीं होता, क्योंकि परमात्मा सदैव अपने भक्तों के साथ रहते हैं। भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि अर्जुन को जब भगवान की शरण प्राप्त हुई, तभी उन्हें गीता का दिव्य ज्ञान मिला। जीव के जीवन का अंतिम पुरुषार्थ भगवान के प्रति पूर्ण समर्पण है। जब तक मनुष्य को परमात्मा की महिमा का बोध नहीं होता, तब तक उसके भीतर उनके प्रति सच्चा आकर्षण उत्पन्न नहीं होता। उन्होंने कहा कि मनुष्य संसार में शरीर लेकर आता है और अंत में उसे यहीं छोड़कर चला जाता है। परिवार, संपत्ति और कुटुंब संसार में मिले हुए हैं, लेकिन वास्तविक अपने केवल भगवान हैं, जो कभी साथ नहीं छोड़ते। इसलिए संसार के मोह में पड़कर मनुष्य को अपने वास्तविक उद्देश्य को नहीं भूलना चाहिए। महाराज ने कहा कि परमात्मा आनंद के स्वरूप हैं। उनकी प्राप्ति होने पर मनुष्य सुख-दुख से विचलित नहीं होता। भगवान के प्रति अनन्य भाव से भजन करने वाला व्यक्ति अपने पूर्व के बुरे कर्मों से भी ऊपर उठकर पवित्र जीवन की ओर बढ़ सकता है। इसके लिए मनुष्य को संकल्प लेना चाहिए कि वह भविष्य में दोबारा गलत मार्ग पर कदम नहीं बढ़ाएगा। संत मीराबाई के जीवन प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि मीरा ने अपना सर्वस्व प्रभु को समर्पित कर दिया था। भगवान के अतिरिक्त उनका कोई नहीं था। इसी प्रकार प्रत्येक मनुष्य को यह भाव रखना चाहिए कि हम भगवान के हैं और भगवान हमारे हैं। माता-पिता की सेवा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि माता-पिता चलते-फिरते तीर्थ हैं। उन्हें दुख देकर किसी तीर्थ की यात्रा करने का कोई लाभ नहीं है। जो व्यक्ति माता-पिता की सच्चे मन से सेवा करता है, उसके जीवन में सभी तीर्थों का पुण्य समाहित हो जाता है। उन्होंने मातृशक्ति के सम्मान को भी आवश्यक बताते हुए कहा कि मातृशक्ति के बिना सृष्टि की व्यवस्था संभव नहीं है। कथा के अंतिम दिन महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम, समर्पण और सेवा का महत्व समझाते हुए परमात्मा की शरण में जाने तथा माता-पिता का सम्मान कर मानव जीवन को सार्थक बनाने का आह्वान किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बहरियाबाद : विश्वनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में सजी दीपावली की रंगोली, विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा से जमीन पर उतरा आकाश
सिधौना : कॉलेज और महाविद्यालय बनेंगे लोकतंत्र की प्रयोगशाला, छात्रों को पढ़ाया जाएगा मतदान का पाठ, इंटर कॉलेजों में बनेंगे इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब >>