गाजीपुर : छात्रवृत्ति बायोमेट्रिक के नाम पर वसूली के आरोप में दूसरे दिन भी अभियान, 710 छात्रों ने किया हस्ताक्षर, अब डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन





गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर कथित अवैध वसूली के विरोध में चलाया जा रहा दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान गुरुवार को संपन्न हो गया। अभियान के दौरान कुल 710 छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर अपनी नाराजगी जताई। छात्र नेताओं ने शुक्रवार, 6 नवंबर को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। इसके जरिए मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। अभियान के समापन पर छात्र नेताओं ने कॉलेज के प्राचार्य की ओर से मीडिया में दिए गए बयानों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर किसी प्रकार की वसूली नहीं होने संबंधी प्राचार्य का बयान वास्तविक स्थिति से अलग है। छात्र नेताओं का दावा है कि पिछले सत्र में कॉलेज परिसर के भीतर लिखित नोटिस के माध्यम से 40 रुपये लिए गए थे, जबकि इस बार विद्यार्थियों को बाहर की निजी दुकानों पर भेजकर 70 से 100 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में दस्तावेज और विद्यार्थियों के बयान होने की बात कही। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि यदि छात्रों के आरोप गलत हैं तो कॉलेज प्रशासन उनकी शिकायतों की जांच कराए। उन्होंने राज्यपाल और जिलाधिकारी से कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच कराने तथा विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर वास्तविक स्थिति जानने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई नहीं होने पर छात्र व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव ने आरोप लगाया कि पिछले सत्र में कॉलेज परिसर के भीतर लिखित नोटिस के जरिए शुल्क लिया गया था और इस बार विद्यार्थियों को निजी दुकानों पर भेजा जा रहा है। वहीं, आकाश चौधरी ने बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर कथित वसूली की व्यवस्था बंद कराने की मांग की। निलेश बिन्द और विकास यादव ने कहा कि 710 विद्यार्थियों के हस्ताक्षर उनकी शिकायतों को सामने रखते हैं और प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच करानी चाहिए। छात्र नेताओं की प्रमुख मांगों में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की कॉलेज परिसर में निःशुल्क और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना, निजी दुकानों पर कथित वसूली पर रोक लगाना, बिना रसीद लिए गए धन की वापसी तथा पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराना शामिल है। उनका कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस मौके पर अंकित भारद्वाज, मुकेश चौधरी, अंकित यादव, राजू कुमार, आकाश चौधरी, निलेश बिन्द, विकास यादव, सतीश चौधरी, मोहित यादव, मनोज राजभर, पुष्कर, अमन, आरती, देवेश, श्रेया, पिंकी, काजल, सोनी, चांदनी आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : दीपावली और महापर्व छठ पर रेलवे ने कसी कमर, प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी और यात्री आश्रय की व्यवस्था, प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम
वाराणसी : मंडल महिला कल्याण संगठन ने 50 संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को किया सम्मानित, दीपावली पर किया गया सम्मानित >>