वाराणसी : दीपावली और महापर्व छठ पर रेलवे ने कसी कमर, प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी और यात्री आश्रय की व्यवस्था, प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम

वाराणसी। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर ट्रेनों में यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए मंडल के प्रमुख स्टेशन बनारस, छपरा, देवरिया सदर, सीवान और बलिया में विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में इन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रियों की भीड़ और ट्रेनों के परिचालन पर लगातार नजर रखने के लिए मंडलीय नियंत्रक कक्ष के साथ ही पांचों प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी के लिए मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। वहीं सीवान, देवरिया सदर, बलिया और छपरा स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग की ओर से हेल्प डेस्क संचालित किए जाएंगे। यहां यात्रियों को विशेष ट्रेनों और रेल सुविधाओं की जानकारी मिलेगी। ट्रेन डिस्प्ले सिस्टम, कोच इंडिकेशन बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे और उद्घोषणा प्रणाली को भी लगातार क्रियाशील रखा जाएगा। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल तथा संबंधित विभागों के कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार के साथ ही फुट ओवरब्रिज पर विशेष निगरानी रहेगी। यात्रियों को निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और रेलवे ट्रैक पार नहीं करने के लिए जागरूक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सिविल डिफेंस और स्काउट-गाइड का सहयोग भी लिया जाएगा। ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पांचों प्रमुख स्टेशनों पर यात्री आश्रय बनाए जाएंगे। इनमें ट्रेन सूचना डिस्प्ले, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, पर्याप्त रोशनी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए होल्डिंग एरिया में पांच स्थानों पर 24 घंटे मोबाइल टिकट वितरण इकाईयां भी संचालित रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों के निर्धारित प्लेटफॉर्म में बदलाव नहीं करने के निर्देश दिए हैं। अपरिहार्य स्थिति में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही प्लेटफॉर्म बदला जाएगा। इसकी सूचना उद्घोषणा और डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से यात्रियों को समय से दी जाएगी। इसके अलावा 24 घंटे संचालित वार रूम में अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, जहां से ट्रेनों और स्टेशनों की निगरानी की जा रही है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वॉड और महिला सुरक्षा टीम की तैनाती की गई है। आरपीएफ की ओर से प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों की जरूरत के लिए प्राथमिक चिकित्सा सहायता, मेडिकल स्टाफ और प्राथमिक उपचार बॉक्स की व्यवस्था भी की गई है। नगर निगम के सहयोग से अतिरिक्त मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे। रेलवे ने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, एस्केलेटर की कार्यशीलता, साफ-सफाई और कचरा निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। ट्रेनों में पर्याप्त पानी, बिजली और स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी। पे एंड यूज शौचालयों की नियमित जांच होगी। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए रेल मदद पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों की भी लगातार निगरानी की जाएगी। मंडल रेल प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रियों से रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा में रेल प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

