जखनियां : श्रीमद् भागवत् का हुआ आयोजन, कथावाचक ने बताया मानव जीवन को परमात्मा की प्राप्ति का माध्यम

जखनियां। क्षेत्र के पदुमपुर रामराय गांव स्थित स्व. वीरेंद्र सिंह इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में ऋषिकेश से पधारे स्वामी विजयानंद गिरि महाराज ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान और भक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का मूल उद्देश्य परमात्मा की प्राप्ति है। मनुष्य का शरीर भगवान को पाने का अनमोल माध्यम है। यदि मन में प्रभु को प्राप्त करने की सच्ची लगन जागृत हो जाए तो उनकी प्राप्ति संभव है। कहा कि संसार में अनेक योनियां हैं, लेकिन मानव शरीर ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए जीव जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त होकर परमात्मा को प्राप्त कर सकता है। परमात्मा कहीं बाहर नहीं, बल्कि प्रत्येक जीव के भीतर और आसपास विद्यमान हैं। भगवान श्रीकृष्ण हर युग में विद्यमान हैं, लेकिन मनुष्य सांसारिक मोह-माया में उलझकर उनका अनुभव नहीं कर पाता। भगवान को पाने के लिए बाहरी आडंबर की नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा, विश्वास और भक्ति की आवश्यकता है। उन्होंने देशी गाय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गाय का शरीर पवित्र माना गया है। उसके दूध, घी, गोबर और गोमूत्र का भारतीय परंपरा में विशेष महत्व है। हालांकि परमात्मा की प्राप्ति का विशेष अवसर मानव जीवन को ही मिला है। मनुष्य को सांसारिक संबंधों में अत्यधिक आसक्ति से बचते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए और निरंतर प्रभु का स्मरण करना चाहिए। जीव की गति के विषय में उन्होंने कहा कि अंत समय में मनुष्य जिस भाव का चिंतन करता है, उसी के अनुरूप उसकी अगली गति निर्धारित होती है। भगवान श्रीकृष्ण ने भी श्रीमद्भगवद्गीता में अंतकाल में उनके स्मरण का महत्व बताया है। अर्जुन ने युद्धभूमि में भगवान का स्मरण करते हुए अपने कर्तव्य का पालन किया। इसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यों को ईश्वर के प्रति समर्पण भाव से करना चाहिए। कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण ही सबसे सरल साधन है। श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का नाम लेने से मनुष्य का जीवन सार्थक होता है। परमात्मा की प्राप्ति के लिए मन में उन्हें पाने की सच्ची इच्छा और निष्कपट भक्ति होनी चाहिए।

