गाजीपुर : जोन की अंतर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बलिया पुलिस बनी विजेता, रोमांचक फाइनल मैच में मेजबान गाजीपुर को 3 विकेट को हराया





गाजीपुर। पुलिस लाइंस स्थित क्रिकेट मैदान में आयोजित वाराणसी जोन की 27वीं अंतर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में बलिया पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान गाजीपुर पुलिस को तीन विकेट से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। गाजीपुर की टीम को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के सभी 10 जनपदों गाजीपुर, वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और चंदौली की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। इसके पूर्व फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गाजीपुर पुलिस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 141 रन बनाए। गाजीपुर की ओर से कलीम अख्तर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों पर 60 रन बनाए। वहीं बलिया की ओर से दिनेश ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। जवाब में 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलिया पुलिस की टीम ने 19.2 ओवर में सात विकेट खोकर 142 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। बलिया की ओर से प्रदीप यादव ने 36 गेंदों पर सर्वाधिक 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। गाजीपुर की तरफ से अरुण यादव ने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रदीप यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले आजमगढ़ पुलिस के विकास यादव को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में सभी प्रतिभागी टीमों ने मार्च पास्ट किया। एसपी ने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल कौशल और खेल भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद एसपी ने विजेता बलिया और उपविजेता गाजीपुर की टीम को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे टीम भावना, आपसी तालमेल और अनुशासन भी मजबूत होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी जोन एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस प्रकार प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गोरखपुर : दीपावली और छठ पर शालिमार-थावे के बीच तीन फेरों में चलेगी साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन, दोनों स्टेशनों से होगा संचालन
जखनियां : श्रीमद् भागवत् का हुआ आयोजन, कथावाचक ने बताया मानव जीवन को परमात्मा की प्राप्ति का माध्यम >>