गाजीपुर : रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए किया जागरूक, मंडल के 10 प्रमुख स्टेशनों पर चला अभियान





गाजीपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में एक से सात नवंबर तक मनाए जा रहे ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के तहत गुरुवार को ‘सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें ना’ अभियान चलाया गया। इसके तहत गाजीपुर सिटी सहित मंडल के 10 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) अभिनव पाठक के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान छपरा, बलिया, वाराणसी सिटी, प्रयागराज रामबाग, सीवान, भटनी, मऊ, गाजीपुर सिटी, आजमगढ़ और बनारस रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों, रेलकर्मियों, सफाई मित्रों तथा खानपान विक्रेताओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की शपथ दिलाई गई। लोगों को दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम करने, वस्तुओं का पुनः उपयोग करने और कचरे के पुनर्चक्रण यानी 3 आर के सिद्धांत को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व की जानकारी दी गई। अभियान के तहत विभिन्न स्टेशनों पर संविदा सफाई कर्मचारियों ने जागरूकता रैली निकाली। बैनर, पोस्टर और यात्री उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी लोगों को प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया गया। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों और रेलकर्मियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : जागरूकता व प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान में 28 रेल पेंशनरों को मिली सुविधा
सैदपुर : धनतेरस-दीपावली पर वर्षा मोबाइल वर्ल्ड का धमाकेदार ऑफर, स्मार्टफोन खरीदने पर 30 प्रतिशत तक की छूट, जीरो ब्याज पर फाइनेंस, बिल्कुल मुफ्त मिल रहा क्रिकेट किट/स्मार्ट वॉच >>