सैदपुर : ऑटो सवार महिला के गले से चेन छीनने का कथित आरोप, एक महिला को लोगों ने पकड़ा, दो भागीं, कुछ देर बाद पहली वाली भी भागी





सैदपुर। थानाक्षेत्र के पियरी बाजार से ऑटो में सवार होकर सैदपुर आ रही एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। घटना में तीन महिलाओं के शामिल होने की बात कही जा रही है। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपित महिलाओं को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक महिला को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य भाग निकलीं। पकड़ी गई महिला के साथ मारपीट किए जाने और उसके चेन वापस करने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही पकड़ी गई महिला भी मौके से गायब हो गई। मौके पर मौजूद युवक ने बताया कि एक महिला पियरी बाजार से सैदपुर क्षेत्र के रावल मोड़ जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थी। इसी दौरान बुर्का पहने तीन अन्य महिलाएं भी उसी ऑटो में बैठ गईं। बताया जा रहा है कि रावल मोड़ पर उतरते समय पीड़िता को अपने गले से सोने की चेन गायब होने का एहसास हुआ। उसने साथ बैठी महिलाओं पर संदेह जताते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने तीनों महिलाओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दो महिलाएं सैदपुर की तरफ भाग निकलीं। वहीं, एक महिला को लोगों ने पकड़ लिया। उसके साथ मारपीट किए जाने के बाद चेन वापस मिलने की बात कही जा रही है। उक्त युवक ने जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने के पहले ही पकड़ी गई महिला भी वहां से गायब हो चुकी थी। इस संबंध में कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला को टेंपो से उतरते समय अपनी चेन गायब होने का एहसास हुआ था। इसके बाद उसने साथ मौजूद बुर्का पहने एक महिला पर संदेह जताया। इस बात को लेकर महिलाओं के बीच बहस और हाथापाई भी हुई थी। कोतवाल के अनुसार, घटना के करीब आधे से एक घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को न तो कोई पीड़िता मिली और न ही घटना से संबंधित कोई स्पष्ट प्रमाण या सीसीटीवी फुटेज सामने आया। पुलिस मामले की वास्तविकता की जांच कर रही है और अफवाह के पहलू को भी ध्यान में रख रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को भोजन की बर्बादी रोकने के लिए अभियान चलाकर किया जागरूक
वाराणसी : जागरूकता व प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान में 28 रेल पेंशनरों को मिली सुविधा >>