वाराणसी : रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को भोजन की बर्बादी रोकने के लिए अभियान चलाकर किया जागरूक

वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में एक से सात नवंबर तक मनाए जा रहे ‘सतत स्वस्थ जीवनशैली सप्ताह’ के तहत बुधवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर खाद्य पदार्थों की बर्बादी रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘सतत खाद्य प्रणालियों को अपनाएं’ विषय पर आयोजित इस अभियान में यात्रियों, खानपान विक्रेताओं और रेल कर्मचारियों को भोजन का विवेकपूर्ण उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में छपरा, बलिया, वाराणसी सिटी, प्रयागराज रामबाग, सीवान, भटनी, मऊ, गाजीपुर सिटी, आजमगढ़ और बनारस सहित विभिन्न स्टेशनों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान यात्रियों से अपील की गई कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही भोजन लें और उसे व्यर्थ न छोड़ें। वहीं, खानपान सामग्री विक्रेताओं को मांग के अनुरूप खाद्य सामग्री तैयार करने, उसका उचित भंडारण करने और खाद्य अपशिष्ट का सही तरीके से निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि भोजन की बर्बादी रोकने से प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होता है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। सप्ताह के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों और रेल कर्मचारियों को पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

