गाजीपुर : गाजीपुर घाट स्टेशन पर संरक्षा मॉक ड्रिल, 20 रेलकर्मियों ने सीखा आपात स्थिति से निपटने का तरीका





गाजीपुर। तकनीकी खराबी और आपातकालीन परिस्थितियों में रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशन पर संरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के संरक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न तकनीकी विफलताओं की स्थिति पैदा कर रेल कर्मचारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार काम करने का प्रशिक्षण दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में हुए इस अभ्यास का उद्देश्य कर्मचारियों की तत्परता, कार्यकुशलता और आपसी समन्वय को बेहतर बनाना था। मॉक ड्रिल के दौरान दोनों दृश्यता प्रदर्शन इकाईयों (वीडीयू) के खराब होने पर आपातकालीन क्रैंक हैंडल से संचालन, पॉइंट का आपातकालीन संचालन और माउस खराब होने की स्थिति में की-बोर्ड से उपकरण चलाने का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही पार्किंग चाबी के उपयोग, कॉलिंग-ऑन सिग्नल को चालू और निरस्त करने, सिग्नल एवं मार्ग निरस्तीकरण तथा मध्यवर्ती ब्लॉक सिग्नलिंग (आईबीएस) और ब्लॉक उपकरणों की विफलता के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा क्रैंक हैंडल के माध्यम से समपार फाटक का आपातकालीन संचालन और आइसोलेटर चलाने का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास में परिचालन विभाग के 10, सिग्नल विभाग के सात और विद्युत कर्षण वितरण (टीआरडी) विभाग के तीन कर्मचारियों सहित कुल 20 रेलकर्मियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय सहित संरक्षा सलाहकार मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : पीजी कॉलेज में छात्रवृत्ति बायोमेट्रिक के नाम पर वसूली का आरोप, 270 छात्रों ने हस्ताक्षर कर जताया विरोध
अनौनी : प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में रामकरन कॉलेज की तीन बेटियों ने जीते कांस्य पदक >>