गाजीपुर : पीजी कॉलेज में छात्रवृत्ति बायोमेट्रिक के नाम पर वसूली का आरोप, 270 छात्रों ने हस्ताक्षर कर जताया विरोध

गाजीपुर। जिले के स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर धन वसूली किए जाने के आरोप को लेकर छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत हुई। पहले दिन 270 छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर विरोध जताया। छात्रों ने इस व्यवस्था को तत्काल बंद कराकर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की सुविधा महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की। छात्रों की ओर से राज्यपाल एवं कुलाधिपति को भेजे जाने वाले ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पिछले सत्र में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर 40 रुपये तथा वर्तमान सत्र में 70 से 100 रुपये तक बिना रसीद लिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि एडेड कॉलेज होने के बावजूद पिछले दो वर्षों से विद्यार्थियों से इस तरह धनराशि वसूली जा रही है। इस बार महाविद्यालय परिसर के बाहर एक निजी दुकान से बायोमेट्रिक कराने की व्यवस्था किए जाने पर भी छात्रों ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों का अधिकार है, इसे किसी के लिए कमाई का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। बायोमेट्रिक के नाम पर बिना रसीद 70 से 100 रुपये लेने के मामले में महाविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि यह धनराशि किसके आदेश पर वसूली जा रही है। पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी ने कहा कि छात्रवृत्ति प्रक्रिया के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण आवश्यक है तो इसकी व्यवस्था महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क होनी चाहिए। विद्यार्थियों को निजी दुकानों पर भेजकर उन पर आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव ने भी मामले में प्रबंध तंत्र की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। छात्रों ने मांग की कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया कॉलेज परिसर में निःशुल्क और पारदर्शी ढंग से संचालित की जाए। अब तक बिना रसीद वसूली गई धनराशि वापस कराई जाए। इसके साथ ही रसीद मांगने पर विद्यार्थियों को कथित रूप से धमकाने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बताया कि हस्ताक्षर अभियान पांच नवंबर को भी सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर चलेगा। इस मौके पर आकाश चौधरी, निलेश बिंद, विकास यादव, अभिषेक, शशांक उपाध्याय, शिवम, रिशु, सुप्रिया, निशा, मनीषा, सुमन, प्रीति, शिखा, ब्यूटी, गुड़िया, रविकांत यादव, अंकित यादव, आदित्य जायसवाल, सतीश चौधरी, मोहित यादव, मनोज राजभर, पुष्कर राजपूत, प्रशांत सिंह, शहजाद अली, दिवाकर पांडेय आदि रहे।

