जखनियां : मानव जीवन नश्वर, भगवान का भजन ही सच्चा सहारा - स्वामी विजयानंद गिरी

जखनियां। मनुष्य का जीवन अनमोल है, लेकिन यह स्थायी नहीं है। बचपन से युवावस्था और फिर वृद्धावस्था तक पहुंचते-पहुंचते जीवन का अधिकांश समय बीत जाता है। ऐसे में मनुष्य को बचे हुए समय का इंतजार करने के बजाय हर उम्र में भगवान का स्मरण और भजन करना चाहिए। भगवान की शरण ही जीव के लिए वास्तविक सहारा है। ये बातें पदुमपुर राम राय गांव स्थित स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन ऋषिकेश से पधारे स्वामी विजयानंद गिरी महाराज ने कहीं। उन्होंने कहा कि मनुष्य अक्सर यह सोचकर भजन को टालता रहता है कि अभी तो जीवन पड़ा है, वृद्धावस्था में भगवान का स्मरण करेंगे। जबकि भक्ति के लिए कोई निश्चित उम्र नहीं होती। जीवन का प्रत्येक क्षण अनमोल है और मनुष्य को समय रहते प्रभु की आराधना में लग जाना चाहिए। माया के बंधन पर प्रकाश डालते हुए स्वामी जी ने कहा कि मनुष्य सांसारिक संबंधों, मोह और सुख-सुविधाओं में इस तरह उलझ जाता है कि भगवान को भूल बैठता है। संसार में भगवान के अतिरिक्त कुछ भी स्थायी नहीं है। मनुष्य को यह समझना चाहिए कि उसका जीवन निरंतर मृत्यु की ओर बढ़ रहा है। इसलिए सांसारिक मोह-माया में उलझने के बजाय प्रभु का स्मरण करना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि त्रिगुणात्मक माया को पार करना अत्यंत कठिन है, लेकिन जो व्यक्ति भगवान की शरण में जाता है, उसके लिए इससे मुक्ति का मार्ग खुल जाता है। भगवान अपने भक्तों की उसी प्रकार रक्षा करते हैं, जैसे मां अपने पुत्र की करती है। प्रभु अपने सच्चे भक्तों को कभी अकेला नहीं छोड़ते। महाभारत का उदाहरण देते हुए स्वामी विजयानंद गिरी ने कहा कि कौरवों का विनाश हुआ, जबकि भगवान श्रीकृष्ण की शरण में रहने वाले पांडवों की रक्षा हुई। इसलिए मनुष्य को अपने जीवन में प्रभु के प्रति अटूट विश्वास रखते हुए सेवा, भक्ति और सत्कर्मों को अपनाना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर भगवान के स्मरण को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

