जखनियां : हथियाराम मठ में डेढ़ करोड़ से बनेगा उत्सव भवन, एसडीएम ने किया भूमि पूजन, शिष्यों को आयोजनों के लिए मिलेगी सुविधा





जखनियां। सिद्धपीठ हथियाराम मठ में शिष्यों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बरात घर एवं उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद बुधवार को उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से मठ से जुड़े शिष्यों और क्षेत्रीय लोगों में खुशी है। प्रस्तावित उत्सव भवन का निर्माण शादी-विवाह सहित अन्य मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कराया जा रहा है। इससे मठ के शिष्यों को ऐसे आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा। शिष्य शिवानंद सिंह उर्फ झंडा सिंह ने बताया कि उत्सव भवन बनने से दूर-दराज से आने वाले शिष्यों और श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। सिद्धपीठ हथियाराम मठ का धार्मिक और आध्यात्मिक क्षेत्र में विशेष महत्व है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। उत्सव भवन के निर्माण से मठ की सामाजिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलेगा। इस दौरान मठ में धार्मिक वातावरण बना रहा। बताया गया कि सिद्धपीठ परिसर में श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 50 बेड के चिकित्सालय के निर्माण की योजना को भी जल्द गति मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने 24 घंटों के अंदर दबोचा, गया जेल
जखनियां : मानव जीवन नश्वर, भगवान का भजन ही सच्चा सहारा - स्वामी विजयानंद गिरी >>