अनौनी/सिधौना : खराब ढंग से बाल काटने के आरोप में सैलून में हुआ खूनी संघर्ष, उस्तरे के वार से तीन हुए लहूलुहान

अनौनी/सिधौना। खानपुर थानाक्षेत्र के बैरहिया स्थित सैलून में बाल कटवाने के दौरान बाल खराब काटने को लेकर हुई कहासुनी ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सैलून में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान छुरे से किए गए वार में तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। क्षेत्र के बैरहिया गांव निवासी देवनाथ बिंद पुत्र बजरंगी बाल कटवाने के लिए सैलून संचालक लक्ष्मण कुमार पुत्र बिहारी की दुकान पर पहुंचे थे। बाल ठीक से नहीं काटने को लेकर देवनाथ और सैलून संचालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। इसके बाद देवनाथ ने फोन कर अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। परिजनों के पहुंचने पर सैलून में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान सैलून संचालक ने अपने बचाव में उस्तरे से वार कर दिया, जिससे चन्दन बिंद पुत्र मूलचन्द बिंद, दरोगा बिंद पुत्र स्व. नान्हू बिंद और दिनेश बिंद पुत्र लालबहादुर बिंद लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया।

