दुल्लहपुर : नवविवाहिता की मौत के मामले में नामजद मुकदमा दर्ज होने से परेशान था पति, कुछ खाने से मौत के बाद परिजनों में कोहराम

दुल्लहपुर। पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मुकदमा दर्ज होने से परेशान पति ने मंगलवार की शाम विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर कई अस्पतालों में पहुंचे, लेकिन उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है। डंडापुर (ओड़राई) गांव निवासी शिवपाल यादव 24 की शादी छह माह पूर्व मऊ जिले के चिरैयाकोट थानाक्षेत्र के नसीरुद्दीनपुर गांव निवासिनी अंबाली से हुई थी। करीब एक सप्ताह पूर्व अंबाली ने विषाक्त पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में ससुर और साले की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसमें पति शिवपाल यादव, उसकी मां संतरा देवी और छोटे भाई गोलू यादव को नामजद किया गया था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार की शाम शिवपाल घर से कुछ दूरी पर स्थित सीवान में गया था। वहां उसकी अपने ससुर से मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मुकदमे को लेकर समझौते की बातचीत हुई। आरोप है कि इस दौरान ससुर ने पूरे परिवार को जेल भिजवाने और बर्बाद करने की धमकी दी। इससे आहत होकर शिवपाल ने जेब में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसके भाई ने मोबाइल पर फोन किया। घंटी बजने के बावजूद फोन नहीं उठने पर परिजन अनहोनी की आशंका में उसकी तलाश करने निकले। सिवान में वह खेत के पास छटपटा रहा था। परिजन उसे तत्काल मऊ के प्रकाश हॉस्पिटल ले गए। वहां से सरकारी अस्पताल भेजे जाने के बाद परिजन उसे मऊ जिला अस्पताल ले गए। बाद में दोबारा प्रकाश हॉस्पिटल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे गाजीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मामले में विसरा सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही हो सकेगी।

